दामाद ने कैंची से काटी सास की नाक, कटा हिस्सा लेकर हुआ फरार
पारिवारिक विवाद में दामाद ने सास की नाक कैंची से काट दी और कटा हिस्सा लेकर फरार हो गया। पीड़िता का इलाज गुजरात में चल रहा है, पुलिस तलाश में जुटी।
सरवाना. एक पारिवारिक विवाद ने इतना भयावह रूप ले लिया कि एक दामाद ने अपनी सास पर कैंची से हमला कर उनकी नाक काट दी। आरोपी ने कटे हुए हिस्से को साथ लेकर मौके से फरार हो गया। यह घटना शनिवार शाम करीब 5 बजे सरवाना थाना क्षेत्र में हुई, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
पुलिस को दी गई लिखित शिकायत के अनुसार, आरोपी सोहनलाल पुत्र भंवरलाल कड़वासरा, निवासी भीमगुड़ा के जंभेश्वर नगर प्रभाणियों की ढाणी, की शादी लगभग छह वर्ष पहले आटा-साटा प्रथा के तहत डूंगरी के के.आर. बंधा कुआं निवासी बाबूलाल खीचड़ की बेटी सरिता से हुई थी। पिछले एक साल से पति-पत्नी के बीच तनाव चल रहा था, जिसके चलते सरिता अपने मायके में अलग रह रही थी। सोहनलाल को शक था कि उसकी सास कैली देवी उसकी पत्नी को उसके खिलाफ भड़का रही हैं, इसी वजह से रिश्ता बिगड़ा हुआ है। उसे यह भी आशंका थी कि पत्नी को मिलने या बात करने नहीं दिया जा रहा और शायद उसका दूसरा रिश्ता तय हो चुका है।
शनिवार दोपहर को घर में फिर से तेज बहस हुई। इससे तंग आकर कैली देवी दामाद के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने सरवाना थाने की ओर जा रही थीं। रास्ते में ही सोहनलाल ने उन पर अचानक हमला बोल दिया। आरोप है कि उसके पास फसल काटने वाली कैंची थी, जिससे उसने कैली देवी की नाक काट दी। हमले के तुरंत बाद वह कटे हुए हिस्से को लेकर भाग गया। गंभीर रूप से घायल कैली देवी को पहले सांचौर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद परिजनों ने उन्हें गुजरात के मेहसाणा स्थित अस्पताल पहुंचाया। वहां उनका इलाज जारी है।
सरवाना थानाधिकारी मोहनलाल कुमावत ने बताया कि आरोपी सोहनलाल लंबे समय से सास को घरेलू विवाद का जिम्मेदार मानता था। उसका मानना था कि कैली देवी ही पत्नी को भड़काकर रिश्ते में दरार डाल रही हैं। स्थानीय स्तर पर इस विवाद को सुलझाने के लिए कई बार सामाजिक पंचायतें भी हो चुकी हैं, लेकिन मामला शांत नहीं हो सका।
सांचौर सीओ जयराम ने जानकारी दी कि आरोपी सोहनलाल फिलहाल फरार है। उसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और तलाश अभियान जारी है। जांच के दौरान दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी शुरू कर दी गई है। पुलिस ने इस घटना में शामिल होने के संदेह में अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की शुरुआत की है।
यह वारदात एक बार फिर से पारिवारिक रिश्तों में बढ़ते तनाव और छोटी-छोटी बातों पर हिंसा में बदल जाने की गंभीर समस्या को उजागर करती है। एक मामूली घरेलू विवाद कैसे खौफनाक अपराध में तब्दील हो सकता है, इस घटना ने समाज में गहरी चिंता पैदा कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द पकड़कर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
admin